अजन्मी आत्मा
अँधेरी घाटी के तालाब में,
तैरती एक आत्मा
चूसकर रक्त घाटी का,
भर लेती अपनी शिराओं में,
नोचती माँस, तोड़ती हड्डियाँ उसकी,
पोसती खुद को,
पनपती पल - प्रतिपल |
उम्मीदों और आशाओं की कतार में खड़ी
सैकड़ों आँखें,
घेरे हैं उस अनदेखे बिंदु को |
भविष्य के गर्भ में रत्न है या ज्वालामुखी,
इस अबूझ पहेली का उत्तर,
छिपा है उस बिन्दुनुमा आत्मा के भीतर |
कोई नहीं जानता कि उसकी नाभि में जगमगाती लौ
उजाला फैलाएगी चारों ओर
या कि
जला के भस्म कर देगी पूरे परिवेश को |
उजाला फैलाएगी चारों ओर
या कि
जला के भस्म कर देगी पूरे परिवेश को |
No comments:
Post a Comment