Sunday, 26 October 2014
भूख के रंग
कुछ बेबस बच्चे,
जो रहते हैं तादात में
बिना किसी सम्बन्ध के,
एक साथ ...
उनके पास हैं पहनने को कपड़े
और सिर छिपाने को सुरक्षित छत ।
उन्हें तीनों वक़्त मिलता है
भरपेट भोजन ।
फिर भी एक भूख,
करती है उनका पीछा
लगातार …
मातृस्नेह और पितृछाया की भूख ।
इनसे भी अधिक तादात में
बच्चे हैं …
पूरी धरती जिनका घर और
पूरा आसमान जिनकी छत है।
माँ की ममता का आँचल है
और पिता का साया भी।
पर उन्हें दुनिया में सबसे प्यारी है ,
रोटी ….।
रोटी, जो उन्हें मुश्किल से मिल पाती है
दिन भर में सिर्फ एक बार
और वह भी
प्रसाद की तरह ।
Saturday, 25 October 2014
अंडमान
विशाल नील उदधि में तरते
छोटे - छोटे ये भूखंड,
निःसृत करते अपने भीतर से
सौंदर्य - ज्योति अनंत अखंड ।
हरीतिमा से आच्छादित धरती
कोमल है माँ के आँचल - सी,
अनगिन तरु शिखाएँ भू को
घेरे रहती हैं बादल - सी ।
जलधि तट पर आलोड़ित होती
चंचल लहरों की क्रीड़ाएँ,
पल में हर लेती हैं ह्रदय की
सारी व्यथा व पीड़ाएँ ।
नित - प्रति कलरव करते पक्षी
कर देते हैं आनंद - विभोर,
नव उमंग, उल्लास व उत्साह
फैलाते हैं पल में चहुँ ओर ।
यहाँ प्रति जन - मन के भीतर
है अपनत्व और आत्मीयता,
यहाँ आज भी जीवित हैं
त्याग, संवेदना और मानवता ।
इस धरती का पत्ता - पत्ता
बूटा - बूटा पावन है,
भारतीयता की सुगंध से सुवासित
इस धरती का कण - कण है ।
Thursday, 9 October 2014
पेड़ और पत्थर
मुझे याद है
जब पेड़ ने मुझपर बरसाई थी आग
तब पत्थर ने अपने स्वभाव के विरुद्ध
लगाई थी मेरे ज़ख्मों पर मरहम ।
मैंने समझा
पत्थर ही मेरा सच्चा साथी है ।
मैं उसे पूजने लगी माता - पिता से बढ़कर
आदरस्वरूप जब उसकी ओर नवाया शीश
तो उसने ज़ोर से टकराकर
छलनी कर दिया न केवल मेरे तन को
अपितु
मेरे अंतर्मन को भी ।
वह कठोर था
क्योंकि वह पत्थर था ।
मैं मूर्ख थी
क्योंकि मैं भावुक थी ।
और …
पेड़ आज भी पेड़ है ।
काश मुझे जादुई छड़ी मिल जाती
काश ! मुझे जादुई छड़ी मिल जाती,
तो धो देती में कलुषता मानव मन से
नष्ट कर डालती भ्रष्टाचार के दानव को ।
सौहार्द्र , प्रेम , अपनत्व के नन्हे कोमल फूल
जो कुचले जा चुके हैं इस उत्तर - आधुनिक युग की भगदड़ में
जो खो चुके हैं अपना वर्चस्व बदलते समय की आपाधापी में
उन्हें पुनः कर देती पुष्पित व सुवासित ।
काश ! मुझे जादुई छड़ी मिल जाती,
तो पाषाण हृदयों में भर देती
मृदुलता व तरलता,
और सबको दिलवाती जीवन जीने की स्वतन्त्रता
काश ! मुझे जादुई छड़ी मिल जाती |
Subscribe to:
Posts (Atom)