कर्मफल
वे कहते हैं कि
कर्मों का फल मिलता है इसी संसार में,
तो कोई पूछे जाकर उनसे
कि आतंकियों, बलात्कारियों और हत्यारों
के कष्ट उनसे कम क्यों हैं
जो निर्दोष शिकार बन रहे हैं,
इनके अनाचार व दुराचार के |
जानना है उनसे कि
शोषितों के खून का कतरा - कतरा
अपनी जेबों में भर लेने वालों की
कमीजों में उजाला और
असहायों के दामन में दाग़ क्यों रहते हैं ?
फल का निर्धारण करने वाले परमात्मा से अब
कोई नहीं डरता, क्योंकि
समाज में खौफ़ के जन्मदाता बहुत हैं,
जो आम आदमी के जीवन का
हिस्सा बन गये हैं,
सुबह और शाम की तरह |
अब तो उन्हें भी समझ जाना चाहिए कि
कर्मफल के अर्थ बदल गए हैं |
बबूल बोकर आम खाने की परंपरा चल निकली है |