Saturday, 13 February 2016

कर्मफल

कर्मफल

वे कहते हैं कि 
कर्मों का फल मिलता है इसी संसार में,
तो कोई पूछे जाकर उनसे 
कि आतंकियों, बलात्कारियों और हत्यारों 
के कष्ट उनसे कम क्यों हैं 
जो निर्दोष शिकार बन रहे हैं,
इनके अनाचार व दुराचार के |
जानना है उनसे कि 
शोषितों के खून का कतरा - कतरा 
अपनी जेबों में भर लेने वालों की
कमीजों में उजाला और 
असहायों के दामन में दाग़ क्यों रहते हैं ?
फल का निर्धारण करने वाले परमात्मा से अब 
कोई नहीं डरता, क्योंकि 
समाज में खौफ़ के जन्मदाता बहुत हैं,
जो आम आदमी के जीवन का 
हिस्सा बन  गये हैं,
सुबह और शाम की तरह |
अब तो उन्हें भी समझ जाना चाहिए कि 
कर्मफल के अर्थ बदल गए हैं |
बबूल बोकर आम खाने की परंपरा चल निकली है |

अजन्मी आत्मा

                                           अजन्मी आत्मा 

अँधेरी घाटी के तालाब में,
तैरती एक आत्मा 
चूसकर रक्त घाटी का,
भर लेती अपनी शिराओं में,
नोचती माँस, तोड़ती हड्डियाँ उसकी,
पोसती खुद को,
पनपती पल - प्रतिपल |
उम्मीदों और आशाओं की कतार में खड़ी
सैकड़ों आँखें,
घेरे हैं उस अनदेखे बिंदु को |
भविष्य के गर्भ में रत्न है या ज्वालामुखी,
इस अबूझ पहेली का उत्तर,
छिपा है उस बिन्दुनुमा आत्मा के भीतर |
कोई नहीं जानता कि उसकी नाभि में जगमगाती लौ 
 उजाला फैलाएगी चारों ओर
या कि
जला के भस्म कर देगी पूरे परिवेश को |

Sunday, 30 August 2015

मन की आवाज़ 
सपनों में जिसे देखा हर पल, 
छूना है उम्मीद का वो आसमान । 
इन नन्हे कोमल परों से अब,
भरनी है बहुत ऊँची उड़ान ।
फूलों को सींचकर बाग़ बनाना है, 
इससे पहले की ये बने श्मशान । 
न डिगना है आशा के पथ से कभी, 
चाहे रास्ता रोके कोई भी तूफ़ान । 
कब तक हस्ती मिटती रहेगी,
दे - देकर यूँ ही बलिदान ?
बस, अब बहुत कुचल चुकी आशाएँ,
अब भरनी है उड़ान और छूना है आसमान ।
 

Sunday, 26 October 2014

गुंजाइश

न तोड़ो उँगलियों के पोरों से यूँ,

कि फूलों में महक अभी बाक़ी है। 

न बंद करो झरोखों को इस तरह,

कि चाँद में चमक अभी बाक़ी है । 

न उजाड़ो बाग़ को इस बेरहमी से,

कि पंछियों की चहक अभी बाक़ी है। 

न मुरझाया मान लो ज़िन्दगी को इस क़दर,

कि धड़कन में कसक अभी बाक़ी  है। 

न रौंदो नन्ही आशाओं को पैरों तले,

कि कुछ कर गुजरने की ललक अभी बाक़ी है।

भूख के रंग

कुछ बेबस बच्चे,

जो रहते हैं तादात में 

बिना किसी सम्बन्ध के, 

एक साथ ...

उनके पास हैं पहनने को कपड़े 

और सिर छिपाने को सुरक्षित छत । 

उन्हें तीनों वक़्त मिलता है 

भरपेट भोजन । 

फिर भी एक भूख,

करती है उनका पीछा 

लगातार … 

मातृस्नेह और पितृछाया की भूख । 

इनसे भी अधिक तादात में 

बच्चे हैं … 

पूरी धरती जिनका घर और 

पूरा आसमान जिनकी छत है। 

माँ की ममता का आँचल है 

और पिता का साया भी। 

पर उन्हें दुनिया में सबसे प्यारी है ,

रोटी ….। 

रोटी, जो उन्हें मुश्किल से मिल पाती है 

दिन भर में सिर्फ एक बार 

और वह भी 

प्रसाद की तरह ।

Saturday, 25 October 2014

अंडमान

 

विशाल नील उदधि में तरते 

छोटे - छोटे ये भूखंड,

निःसृत करते अपने भीतर से 

सौंदर्य - ज्योति अनंत अखंड । 

हरीतिमा से आच्छादित धरती 

कोमल है माँ के आँचल - सी,

अनगिन तरु शिखाएँ भू को 

घेरे रहती हैं बादल - सी । 

जलधि तट पर आलोड़ित होती 

चंचल लहरों की क्रीड़ाएँ,

पल में हर लेती हैं ह्रदय की 

सारी व्यथा व पीड़ाएँ । 

नित - प्रति कलरव करते पक्षी 

कर देते हैं आनंद - विभोर,

नव उमंग, उल्लास व उत्साह 

फैलाते हैं पल में चहुँ ओर । 

यहाँ प्रति जन - मन के भीतर 

है अपनत्व और आत्मीयता, 

यहाँ आज भी जीवित हैं 

त्याग, संवेदना और मानवता । 

इस धरती का पत्ता - पत्ता 

बूटा - बूटा पावन है,

भारतीयता की सुगंध से सुवासित 

इस धरती का कण - कण है ।