काश मुझे जादुई छड़ी मिल जाती
काश ! मुझे जादुई छड़ी मिल जाती,
तो धो देती में कलुषता मानव मन से
नष्ट कर डालती भ्रष्टाचार के दानव को ।
सौहार्द्र , प्रेम , अपनत्व के नन्हे कोमल फूल
जो कुचले जा चुके हैं इस उत्तर - आधुनिक युग की भगदड़ में
जो खो चुके हैं अपना वर्चस्व बदलते समय की आपाधापी में
उन्हें पुनः कर देती पुष्पित व सुवासित ।
काश ! मुझे जादुई छड़ी मिल जाती,
तो पाषाण हृदयों में भर देती
मृदुलता व तरलता,
और सबको दिलवाती जीवन जीने की स्वतन्त्रता
काश ! मुझे जादुई छड़ी मिल जाती |
No comments:
Post a Comment